बीजापुर - माओवादियों की एक और कायरता पूर्ण हरकत सामने आई है। उसूर थाना क्षेत्र के लिंगापुर में रविवार देर रात माओवादियों ने मारूडबाका सोसायटी के संचालक नागा भंडारी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। नागा भंडारी एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने लिंगापुर गए थे। घर लौटते समय घात लगाए अज्ञात माओवादियों ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया।
यह दर्दनाक वारदात रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर अंजाम दी गई। माओवादियों की इस बर्बरता ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
एक ही परिवार को दूसरी बार बनाया निशाना
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि माओवादियों ने इस परिवार को दूसरी बार निशाना बनाया है। बीते साल अक्टूबर माह में नागा भंडारी के भाई तिरुपति भंडारी की भी माओवादियों ने मुखबिरी के शक में हत्या कर दी थी। अब नागा भंडारी की हत्या कर इस परिवार को फिर से बड़ा जख्म दिया गया है।
कर्रेगुट्टा ऑपरेशन के बाद बदले की कार्रवाई?
सूत्रों के मुताबिक, यह हमला कर्रेगुट्टा क्षेत्र में लंबे समय तक चले बड़े नक्सल ऑपरेशन के ठीक बाद अंजाम दिया गया है। कर्रेगुट्टा ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों पर कड़ा दबाव बनाया था, जिससे बौखलाए माओवादियों ने जवानों की वापसी के बाद इस कायराना हरकत को अंजाम दिया। माओवादी अब पुनः दहशत फैलाने और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही उसूर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है। ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
