बीजापुर - जिले के लिए आज गर्व का क्षण है। यहां की होनहार एथलीट संतोषी भण्डारी ने राष्ट्रीय खेल जगत में अपनी मेहनत और प्रतिभा से जिले का नाम रोशन किया है। बीजापुर स्पोर्ट्स एकेडमी की उभरती खिलाड़ी संतोषी का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रतिष्ठित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भोपाल के लिए हुआ है।
यह चयन SAI द्वारा 24 अप्रैल को जारी की गई चयन सूची के माध्यम से हुआ, जिसमें देशभर की केवल 10 बालिका एथलीट्स को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चुना गया है। विशेष बात यह है कि संतोषी भण्डारी इस सूची में सबसे कम उम्र की खिलाड़ी हैं। वह वर्तमान में बीजापुर स्पोर्ट्स एकेडमी में प्रशिक्षणरत हैं तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, बीजापुर की छात्रा हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर दमदार प्रदर्शन
संतोषी ने हाल ही में 68वीं नेशनल स्कूल गेम्स, जो 11 से 14 जनवरी तक रांची (झारखंड) में आयोजित हुई थी, जिसमें 400 मीटर में उन्होंने 1:02 मिनट का समय में और 600 मीटर की दौड़ में 1:41 मिनट में फिनिश करते हुए ऑल इंडिया में 8वां स्थान हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
इससे पूर्व अक्टूबर 2024 में नागपुर (महाराष्ट्र) में आयोजित 35वीं वेस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने 4वां स्थान प्राप्त कर अपनी निरंतरता और संभावनाओं का परिचय दिया था।
प्रशिक्षण व सुविधाएं
भारतीय खेल प्राधिकरण NCOE के माध्यम से चुने गए खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, विशेषज्ञ कोचिंग, संतुलित डाइट, व शारीरिक और मानसिक मजबूती के लिए विशेष सुविधाएं प्रदान करता है। संतोषी का चयन इस बात का प्रमाण है कि बीजापुर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में भी खेल प्रतिभाएं तेजी से उभर रही हैं।
संतोषी की इस उपलब्धि पर बीजापुर कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने उन्हें सम्मानित करते हुए स्पोर्ट्स किट भेंट की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री एन.पी. गवेल और जिला खेल अधिकारी भी उपस्थित रहे।
संतोषी भण्डारी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और प्रशिक्षण संस्थान बल्कि पूरे बीजापुर जिले के लिए प्रेरणास्पद है। यह दिखाता है कि अगर सही मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलें तो देश के सुदूर अंचलों से भी खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर छा सकते हैं।
बीजापुर अब सिर्फ सुरक्षा चुनौतियों के लिए नहीं, खेल उपलब्धियों के लिए भी पहचाना जाएगा।
