सुरक्षा बलों की सतर्कता से नक्सलियों की साजिश नाकाम, 45 किग्रा IED निष्क्रिय
बीजापुर - जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों की सतर्कता और सूझबूझ के चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई। माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए लगाए गए 45 किलोग्राम वजनी आईईडी को समय रहते बरामद कर निष्क्रिय कर दिया गया।
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 222वीं बटालियन की टीम पालनार कैंप से एरिया डोमिनेशन ड्यूटी के लिए निकली थी। जब टीम सुबह 08:00 से 08:30 बजे के बीच चेरपाल-पालनार मार्ग से वापस लौट रही थी, तब चेरपाल से लगभग 2 किमी दूर सड़क किनारे संदिग्ध गतिविधियों को देखा गया। सतर्क जवानों ने इलाके की जांच की, जिससे विस्फोटक की मौजूदगी का पता चला।
IED था बेहद खतरनाक, कमांड स्विच से था जुड़ा
बरामद IED को माओवादियों ने सुरक्षा बलों के वाहनों को निशाना बनाने के उद्देश्य से लगाया था। यह कमांड स्विच सिस्टम से जुड़ा था, जिसका स्विच लगभग 150 मीटर दूर छिपाकर रखा गया था, जिससे किसी भी वाहन के गुजरने पर धमाका किया जा सकता था।
IED मिलने की सूचना पर बीजापुर जिले की बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और केरिपु 222वीं वाहिनी की BD टीम मौके पर पहुंची। सावधानीपूर्वक जांच और रणनीति के तहत IED को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया।



