बीजापुर - जिले के थाना उसूर क्षेत्र में एफओबी भीमाराम-पुजारीकांकेर एक्सीस पर स्थित माओवादियों के स्मारक को सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया। यह स्मारक लगभग 30 फीट ऊंचा था, जिसे माओवादियों ने अपनी उपस्थिति और प्रभाव दर्शाने के लिए स्थापित किया था।
इस अभियान को थाना उसूर के जेटीएफ सुरक्षा कैंप भीमाराम से कोबरा 204 और केरिपु 81 वाहिनी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे माओवादी विरोधी अभियानों के तहत यह कार्रवाई की गई, जिसमें जवानों ने माओवादी स्मारक को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।
माओवादी गतिविधियों पर लगातार शिकंजा
माओवादियों के प्रभाव वाले इस क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा एक नए कैंप की स्थापना के बाद से लगातार माओवादियों के ठिकानों, स्मारकों और प्रशिक्षण केंद्रों को नष्ट किया जा रहा है। इससे माओवादियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।
सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया कि माओवादियों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बीजापुर जिले में बटालियन स्तर पर चल रहे अभियानों से माओवादियों की गतिविधियों पर लगाम कसने में सफलता मिल रही है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता
इस तरह की कार्रवाइयों से न केवल माओवादियों के हौसले पस्त हो रहे हैं, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के मन में भी सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास बढ़ रहा है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा, ताकि माओवादी नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

