बीजापुर - अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बीजापुर के सांस्कृतिक भवन मैदान परिसर में जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दिया गया, साथ ही विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला कर्मचारियों को सम्मानित कर उनकी निस्वार्थ सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
खेल प्रतियोगिताओं में दिखा महिलाओं का जोश
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं के लिए 100 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, तवा फेंक, वॉलीबॉल, बैडमिंटन जैसी एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही रंगोली, मेंहदी जैसी कलात्मक प्रतियोगिताओं में भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे कार्यक्रम में महिलाओं का जोश और आत्मविश्वास देखते ही बना।
महिला दिवस पर अतिथियों ने की मातृशक्ति की सराहना
कार्यक्रम में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नीना रावतिया उद्दे उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं के संघर्ष और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बीजापुर के एसडीएम श्री जागेश्वर कौशल ने भी महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "विकसित समाज की परिकल्पना महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना अधूरी है।"
सम्मान समारोह में विभूतियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया, साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया।
इस भव्य आयोजन में नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री भुवन चौहान, नवनिर्वाचित पार्षदगण, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रभारी अधिकारी श्री कांता मशराम सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इस आयोजन ने न केवल महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित किया बल्कि उनके सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहित किया।




