रायपुर - होली के दिन एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे भिलाई-दुर्ग क्षेत्र को शोक में डाल दिया। भाजपा महिला मोर्चा की भिलाई जिला अध्यक्ष स्वीटी कौशिक की 22 वर्षीय पुत्री ऋचा कौशिक का एक भीषण सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। यह हादसा 14 मार्च की दोपहर हुआ, जब ऋचा अपने दोस्तों के साथ राजनांदगांव बायपास रोड पर एक ढाबे में भोजन करने जा रही थीं।
सूत्रों के अनुसार, दुर्ग बायपास रोड पर ऋचा की लाल रंग की स्कोडा कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार ऋचा और उनके दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को सूचित किया।
हादसे के बाद सभी घायलों को दुर्ग के आरोग्यं अस्पताल ले जाया गया। लेकिन ऋचा की हालत अत्यधिक नाजुक होने के कारण उन्हें तुरंत रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल रेफर किया गया। ऋचा के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनका ब्रेन डेड हो गया। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद ऋचा ने दम तोड़ दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, भाजपा संगठन में शोक की लहर
ऋचा कौशिक के निधन से परिवार और भाजपा संगठन में गहरा शोक व्याप्त है। भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक अपने इकलौती बेटी के यूं चले जाने से सदमे में हैं। उनके परिजन, दोस्त और जानने वाले इस खबर से स्तब्ध हैं।
ऋचा कौशिक के असामयिक निधन की खबर सुनते ही भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन और शहर के गणमान्य लोग उनके परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। सोशल मीडिया पर भी लोग ऋचा को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस ने इस दर्दनाक हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे का कारण गाड़ी की तेज रफ्तार और बायपास रोड पर संतुलन खोना हो सकता है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

