बीजापुर - थाना तर्रेम क्षेत्र के ग्राम बुड़गीचेरू में नक्सलियों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला। 3 फरवरी 2025 की रात अज्ञात माओवादियों ने दो ग्रामीणों की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों की पहचान कारम राजू (32) पिता बारे, निवासी तालाब पारा बुड़गीचेरू और माड़वी मुन्ना (27) पिता सुकड़ा, निवासी नयापारा बुड़गीचेरू के रूप में हुई है।
माओवादियों ने धारदार हथियार से दोनों ग्रामीणों का गला रेतकर उनकी हत्या की। घटना की जानकारी मिलते ही थाना तर्रेम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की तस्दीक कर रही है और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को अंजाम दिया जा रहा है।
नक्सली वारदात से दहशत में ग्रामीण
इस जघन्य हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में भय व्याप्त है, और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की तलाश कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नक्सलियों ने इन दोनों ग्रामीणों को क्यों निशाना बनाया। प्रारंभिक जांच में माओवादियों के आंतरिक संदेह और उनके फरमानों की अवहेलना जैसी आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है, और सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।

