जिले में बेटियों का बजा डंका, निशा और काजल ने रचा नया कीर्तिमान

0



बीजापुर - कहते हैं अगर इरादे बुलंद हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। इस कहावत को सच कर दिखाया है बीजापुर जिले की दो प्रतिभाशाली बेटियों ने, जिन्होंने विषम परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद शैक्षणिक क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता दर्ज कर जिले का नाम रोशन किया है।


सपनों को पंख लग जाएं तो आसमान भी छोटा पड़ जाता है। बीजापुर की बेटी निशा नेताम ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार 97% अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। निशा के इस प्रदर्शन से न केवल उनके माता-पिता, बल्कि पूरे जिले में गर्व की लहर दौड़ गई है।


निशा नेताम के पिता प्रधान आरक्षक रघुराम नेताम, जो वर्तमान में एसपी कार्यालय में पदस्थ हैं, ने हर परिस्थिति में बेटी का हौसला बढ़ाया। निशा ने सीमित संसाधनों के बीच भी अपने बुलंद इरादों और कठिन परिश्रम से यह सिद्ध कर दिखाया कि कठिनाइयों के बीच भी सफलता संभव है।


वहीं, 12वीं कक्षा में काजल जैसवाल ने 91% अंकों के साथ जिले में टॉप कर इतिहास रच दिया। सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाली काजल ने अपने धैर्य, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के बलबूते यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।


काजल जैसवाल ने बताया कि उनकी सफलता के पीछे बीजापुर आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य श्री अमित गांधरला का विशेष मार्गदर्शन रहा। पढ़ाई में आने वाली किसी भी कठिनाई या संदेह को प्राचार्य श्री गांधरला और उनके शिक्षकों की मदद से तुरंत दूर किया जाता था। यही वजह रही कि काजल को पढ़ाई में किसी तरह की बड़ी समस्मया महसूस नहीं हुई।


इसके साथ ही काजल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने मां मंजू जैसवाल और पिता सुनील जैसवाल को भी दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका मनोबल बढ़ाया और पढ़ाई के लिए सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराया।

दोनों छात्राओं के घरों में जश्न का माहौल है। इन बेटियों की सफलता ने यह साबित कर दिया कि सीमित साधन और कठिन परिस्थितियां भी अगर मजबूत हौसलों के सामने आ जाएं, तो सफलता निश्चित है।

इन बेटियों की कामयाबी उन तमाम छात्रों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है, जो संसाधनों की कमी का रोना रोते हैं। निशा और काजल ने संघर्ष और मेहनत को अपना हथियार बनाकर सफलता की ऐसी ऊंची उड़ान भरी है, जो आने वाले समय में जिले की अन्य बेटियों के लिए मिसाल बन जाएगी।



Image

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)
Blogger Templates