बीजापुर - बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक बार फिर पहचान मिली है, जब बीजापुर जिले के जय बूढ़ादेव समूह ने बस्तर संभाग स्तरीय पण्डुम महोत्सव में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के लिए समूह को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के करकमलों से सम्मानित किया गया, जिससे पूरे जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।
दंतेवाड़ा में आयोजित चार दिवसीय (2 से 5 अप्रैल) इस भव्य आयोजन में बस्तर संभाग के सभी सात जिलों दंतेवाड़ा, बीजापुर, कांकेर, बस्तर, सुकमा, नारायणपुर और कोंडागांव के पारंपरिक समूहों ने भाग लिया। इस अवसर पर जनजातीय संस्कृति, कला, परंपराओं, पेय पदार्थों और विशिष्ट व्यंजनों की विविध झलक प्रस्तुत की गई।
जय बूढ़ादेव समूह ने जनजातीय पेय पदार्थों और विशिष्ट व्यंजनों की प्रदर्शनी में भाग लेते हुए अपनी परंपरागत पाक कला, प्रस्तुति शैली और स्वाद के जरिए निर्णायकों को प्रभावित किया। विभिन्न जिलों से आए विशेषज्ञों द्वारा स्वाद, प्रस्तुति और पारंपरिक विधियों के आधार पर गहन मूल्यांकन के पश्चात बीजापुर के इस समूह को विजेता घोषित किया गया।
इस उपलब्धि को जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान का सम्मान माना जा रहा है। बीजापुर जिले के लिए यह गौरव की बात है कि स्थानीय परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को इतना उच्च मंच मिला और उसकी पहचान राष्ट्रीय स्तर तक पहुँची।


