कोंटा पुलिस और डीआरजी बल को बड़ी सफलता
सुकमा - जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत थाना कोंटा पुलिस और डीआरजी ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक महिला नक्सली सहित कुल 06 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी ग्राम गंगराजपाड़ में एक निर्दोष ग्रामीण की हत्या में शामिल थे।
गंगराजपाड़ हत्याकांड - कैसे हुई हत्या?
जांच के अनुसार, 23 अक्टूबर 2024 को माओवादियों ने ग्राम गंगराजपाड़ ताती बुधरा को उसके घर से जबरदस्ती अगवा किया और जंगल में ले जाकर उसकी बेरहमी से लाठी, डंडे, बंदूक की बट और मुक्कों से पीटा गया। गले में रस्सी का फंदा डालकर दोनों ओर से खींचकर उसकी हत्या कर दी गई।
इस घटना के बाद थाना कोंटा में अपराध क्रमांक 28/2024 के तहत धारा 191(1), 190(3), 140(1), 103(1), 115(2) भा.दं.सं. और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान
गंगराजपाड़ में सटीक सूचना के आधार पर पुलिस और डीआरजी बल ने एक अभियान चलाया, जिसमें 06 नक्सली ताती लखमा (43 वर्ष) - मिलिशिया सदस्य, कलमू पांडू (28 वर्ष) - मिलिशिया सदस्य, वंजाम मंगा (20 वर्ष) - मिलिशिया सदस्य, वेको मासा (21 वर्ष) - मिलिशिया सदस्य, वेट्टी हड़मा (25 वर्ष) - मिलिशिया सदस्य, कुमारी ताती सोमड़ी (33 वर्ष) - महिला नक्सली एवं मिलिशिया सदस्य को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी ग्राम गंगराजपाड़, थाना कोंटा, जिला सुकमा के निवासी हैं।
गिरफ्तारी के बाद सभी 06 नक्सलियों को 23 मार्च 2025 को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना कोंटा पुलिस और डीआरजी बल की अहम भूमिका रही। इस मामले से जुड़े कुछ नक्सली अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
