बीजापुर - जिले में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। बुधवार को प्रेस क्लब भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग द्वारा कलेक्टर को लिखे गए पत्र पर सवाल उठाए, जिसमें आरोप लगाया गया था कि विधायक मंडावी नगरीय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में जनता को डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं।
"झूठे आरोप लगाने के बजाय प्रमाण दें भाजपा नेता" – मंडावी
विधायक मंडावी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि वे प्रमाणिक तथ्यों के साथ जनता के सामने आएं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई ठोस सबूत नहीं है, इसलिए वे केवल भ्रम और अफवाहों की राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने महेश गागड़ा से सवाल किया – "बताएं कि मैंने कब और कैसे भयादोहन किया? यदि हिम्मत है तो सबूत पेश करें, अन्यथा झूठ फैलाना बंद करें।"
"चुनावी हार के डर से भाजपा रच रही साजिश"
विधायक मंडावी ने कहा कि भाजपा को आगामी पंचायत चुनावों में अपनी हार का डर सता रहा है, इसलिए वह जनता को गुमराह करने की रणनीति अपना रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर झूठे नक्सली पर्चे दिखाकर चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया।
उन्होंने महेश गागड़ा द्वारा गंगालूर से जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार सोमलू हेमला को नक्सल समर्थक बताए जाने की निंदा करते हुए कहा –
"भाजपा गरीब और वंचित तबके के लोगों को कभी स्वीकार नहीं करती। जब सोमलू हेमला के घर को गिराया गया था, तब भाजपा के कई नेता उसके समर्थन में थे। लेकिन जैसे ही उसने चुनाव लड़ने का फैसला किया, भाजपा उसे नक्सल समर्थक बता रही है।"
"संविधान और लोकतंत्र में हमारा विश्वास, भाजपा बताए – क्या गरीब चुनाव नहीं लड़ सकता?"
विधायक विक्रम मंडावी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है। उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि जब एक गरीब व्यक्ति अपने हक के लिए चुनाव लड़ता है, तो भाजपा उसे नक्सली समर्थक क्यों कहती है?
उन्होंने आगे कहा – "भाजपा की राजनीति गरीबों और वंचितों के खिलाफ है। जब गरीब व्यक्ति अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाता है, तो उसे बदनाम करने की कोशिश की जाती है।"
"महेश गागड़ा अपने गिरेबान में झांकें"
महेश गागड़ा पर सीधा हमला बोलते हुए विधायक मंडावी ने कहा कि पहले उन्हें अपनी पार्टी और अपने अतीत को देखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महेश गागड़ा खुद भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत जेल जा चुके हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजापुर के एक हिस्ट्रीशीटर, जिसे जिला बदर किया गया था और जिसे लोग ब्लैकमेलर कहते हैं, वह महेश गागड़ा के साथ हमेशा सार्वजनिक रूप से देखा जाता है। उन्होंने सवाल किया कि महेश गागड़ा का उस व्यक्ति के साथ क्या संबंध है?
"भाजपा के झूठे आरोपों का जनता देगी करारा जवाब"
विधायक मंडावी ने कहा कि भाजपा केवल चुनावी हार से बचने के लिए झूठी कहानियां गढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता भाजपा की साजिश को समझ चुकी है और इस बार उसे करारा जवाब देगी।
इस प्रेस वार्ता में जेसीसी (जे) के संभागीय उपाध्यक्ष विजय झड़ी, सीपीआई के जिला सचिव कमलेश झाड़ी, जिला पंचायत गंगालूर के उम्मीदवार सोमलू हेमला और मंगू हेमला भी उपस्थित रहे।
अब देखना होगा कि भाजपा इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देती है और आगामी पंचायत चुनावों में जनता का रुख किस ओर जाता है।

