बीजापुर - सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बीजापुर पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के दिशा-निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक (यातायात नोडल) श्री विनीत कुमार साहू के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत मालवाहक एवं कार चालकों द्वारा सीट बेल्ट नहीं पहनने, दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट नहीं लगाने, तीन सवारी बैठाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने जैसे गंभीर यातायात उल्लंघनों पर कार्यवाही की गई। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कुल 41 प्रकरण दर्ज किए गए, और उनसे ₹16,400/- समन शुल्क वसूल किया गया।
यातायात नियमों के पालन पर दी गई सख्त हिदायत
कार्यवाही के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की सख्त हिदायत दी और उन्हें दुर्घटनाओं से बचने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी। शराब पीकर वाहन चलाने की प्रवृत्ति को रोकने के लिए विशेष रूप से चालकों को जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस बल की सक्रिय भूमिका
इस अभियान में यातायात पुलिस उप निरीक्षक केशव सिंह, सहायक उप निरीक्षक विजय मण्डावी, लखनलाल यादव एवं यातायात बल बीजापुर के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता से कार्य किया।
बीजापुर यातायात पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और यातायात नियमों का पालन करने की आदत विकसित हो। पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।


